मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को लेकर राज्यसभा में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने क्या कहा...?

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को लेकर राज्यसभा में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  क्षेत्र में तेजी से बदलते हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। साथ ही संबंधित मंत्रालय आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं।
 
संयम और कूटनीति की अपील
 
विदेश मंत्री ने बताया कि सरकार ने 20 फरवरी को एक आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा कि भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने का आग्रह किया है और अब भी यही मानता है कि तनाव कम करने का रास्ता संवाद और कूटनीति से ही निकल सकता है।
 
भारत के लिए चिंता का विषय
 
एस जयशंकर ने कहा कि यह संघर्ष भारत के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि भारत इस क्षेत्र का पड़ोसी है और पश्चिम एशिया की स्थिरता देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। खाड़ी देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते और काम करते हैं, जबकि तेहरान सहित ईरान में भी कई हजार भारतीय पढ़ाई और रोजगार के लिए मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए भी बेहद अहम है, क्योंकि यहां से तेल और गैस की बड़ी आपूर्ति होती है। ऐसे में आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान और अस्थिरता का माहौल गंभीर चिंता पैदा करता है।
 
क्षेत्रीय सुरक्षा हालात बिगड़े
 
विदेश मंत्री ने कहा कि संघर्ष लगातार बढ़ रहा है और क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति खराब हुई है। यह तनाव अब दूसरे देशों तक भी फैलने लगा है, जिससे विनाश और अस्थिरता बढ़ रही है। इसके कारण सामान्य जीवन और आर्थिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
 
दो भारतीय नाविकों की मौत, एक लापता
 
एस जयशंकर ने बताया कि इस संकट के बीच एक व्यापारिक जहाज पर तैनात दो भारतीय नाविकों की मौत हो गई है, जबकि एक नाविक अभी भी लापता है।
 
तेहरान से भारतीय छात्रों की सुरक्षित निकासी
 
विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान की राजधानी तेहरान में मौजूद भारतीय दूतावास ने वहां फंसे कई भारतीय छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की है। छात्रों को देश से बाहर स्थानांतरित करने के लिए दूतावास ने सक्रिय सहयोग दिया।उन्होंने बताया कि ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को अरमेनिया के रास्ते निकालकर भारत वापस लाने में सहायता प्रदान की गई है। दूतावास पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर है और भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रहा है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.