यूपी राज्यसभा चुनाव में बड़ा 'सरप्राइज', बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट में चौंका सकता है जयंत चौधरी का नाम

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की खाली सीटों के लिए होने वाले चुनावों को लेकर आज बीजेपी अपनी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सकती है। राजनीतिक गलियारों में इस बात की जबरदस्त चर्चा है कि आरएलडी प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को बीजेपी अपने कोटे से राज्यसभा भेज सकती है, जिससे राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनते नजर आ रहे हैं।

अखिलेश यादव के बयानों की काट और जाटों को बड़ा संदेश

साल 2022 में समाजवादी पार्टी के समर्थन से राज्यसभा पहुंचे जयंत चौधरी अब एनडीए का हिस्सा हैं। हाल ही में अखिलेश यादव के 'चवन्नी वाले बयान' के बाद सियासी पारा काफी चढ़ गया था। जानकारों का मानना है कि बीजेपी के टिकट पर दोबारा राज्यसभा जाने से न सिर्फ अखिलेश के बयानों की धार कमजोर होगी, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जाट समुदाय में भी यह साफ संदेश जाएगा कि एनडीए में आरएलडी और उनके नेता का प्रभाव कितना मजबूत है।

आरएलडी को मिल सकता है डबल फायदा और 2027 की तैयारी

यदि जयंत चौधरी अपनी वर्तमान सीट छोड़ते हैं, तो रणनीतिक समझौते के तहत वह खाली सीट उनकी पत्नी चारू चौधरी या पार्टी के किसी अन्य बड़े नेता को मिल सकती है, जिससे उच्च सदन में आरएलडी के सांसदों की संख्या दोगुनी हो सकती है। लोकसभा चुनावों के बाद अब बीजेपी और आरएलडी इस रणनीति के जरिए मिशन 2027 यानी यूपी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को अभी से धार देने में जुट गए हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.