राम मंदिर के CEO पद पर भर्ती, तीन साल के कार्यकाल के लिए मांगे गए आवेदन

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के संचालन को और अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 18 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित अधिकारी का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

18 जुलाई तक जमा होंगे आवेदन

ट्रस्ट द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, CEO पद के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 18 जुलाई शाम 4 बजे निर्धारित की गई है। इस नियुक्ति के लिए 50 से 70 वर्ष आयु वर्ग के उम्मीदवार आवेदन करने के पात्र होंगे। साथ ही हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का अच्छा ज्ञान होना अनिवार्य रखा गया है।

इन योग्यताओं को करना होगा पूरा

इस पद के लिए सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि आवेदक सक्रिय हिंदू, रामभक्त और वैष्णव परंपरा का अनुयायी हो। इसके अलावा उम्मीदवार के पास कम से कम 20 वर्षों का प्रशासनिक या प्रबंधन का अनुभव होना चाहिए। विशेष रूप से किसी हिंदू धार्मिक संस्था के संचालन या वरिष्ठ प्रशासनिक पद पर कार्य करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

तीन साल का होगा कार्यकाल

चयनित CEO का प्रारंभिक कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा। हालांकि, ट्रस्ट की आवश्यकता और कार्य प्रदर्शन के आधार पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। वेतन और अन्य सुविधाओं का निर्धारण चयनित उम्मीदवार के साथ आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा। नियुक्ति के बाद CEO को अयोध्या में रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी।

तीन सदस्यीय समिति करेगी चयन

CEO की नियुक्ति के लिए ट्रस्ट ने तीन सदस्यीय चयन समिति का गठन किया है। यही समिति सभी आवेदनों की समीक्षा कर योग्य उम्मीदवार का चयन करेगी। ट्रस्ट का उद्देश्य मंदिर के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना है।

व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम

हाल ही में मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी चोरी की घटना सामने आने के बाद ट्रस्ट लगातार व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर काम कर रहा है। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने भी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा था कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करना जरूरी है। इसी दिशा में CEO की नियुक्ति को अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.