राम मंदिर CEO की कुर्सी के लिए महामुकाबला, 5585 आवेदन के बाद 16 नाम शॉर्टलिस्ट
सरकारी नौकरी में कुर्सी के लिए मारामारी तो आपने खूब सुनी होगी, लेकिन अयोध्या में इस बार मामला थोड़ा 'अलग' है। यहां कुर्सी एक मंदिर की है और दावेदारों की कतार में आम नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रिटायर्ड IAS-IPS अफसर, पूर्व फौजी, कॉरपोरेट दिग्गज और टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट खड़े हैं। राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए 5,585 लोगों ने आवेदन किया और छंटनी के बाद 16 उम्मीदवार इंटरव्यू की चौखट तक पहुंचे। अब सवाल यह नहीं कि राम मंदिर का CEO कौन बनेगा, सवाल थोड़ा 'रोचक' है—आखिर इस कुर्सी में ऐसा क्या है कि रिटायरमेंट के बाद भी बड़े-बड़े अफसर फिर से 'ड्यूटी' पर लौटने को तैयार हैं? क्या यह सिर्फ सेवा और आस्था का आकर्षण है, या फिर अयोध्या में बन चुकी उस ताकतवर प्रशासनिक कुर्सी का ग्लैमर, जहां एक फैसले की गूंज मंदिर परिसर से निकलकर लखनऊ, दिल्ली और पूरे देश तक पहुंच सकती है? आइए समझते हैं -
अयोध्या में इन दिनों एक ऐसी कुर्सी को लेकर मुकाबला है, जिसकी ताकत सिर्फ सरकारी फाइलों में नहीं, बल्कि देश की आस्था, प्रशासन और करोड़ों लोगों की नजरों में छिपी है। राम मंदिर ट्रस्ट के CEO की पोस्ट के लिए आवेदन करने वालों की संख्या 5,585 तक पहुंच गई। स्क्रीनिंग के बाद 16 उम्मीदवार आमने-सामने के इंटरव्यू तक पहुंचे, और इनमें रिटायर्ड IAS-IPS अफसरों से लेकर पूर्व सैन्य अधिकारी, कॉरपोरेट दिग्गज और टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट तक शामिल हैं।
समझने वाली बात ये है कि यह सिर्फ एक मंदिर का मैनेजमेंट संभालने वाली नौकरी नहीं है। अयोध्या में राम मंदिर अब ऐसा विशाल धार्मिक और सार्वजनिक संस्थान बन चुका है, जहां हर दिन आस्था के साथ प्रशासन, सुरक्षा, तकनीक, करोड़ों रुपये के दान, लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ और देश-दुनिया की नजरें भी जुड़ी हैं। यानी इस कुर्सी पर बैठने वाला व्यक्ति सिर्फ मंदिर का अधिकारी नहीं होगा—वह उस पूरे सिस्टम का चेहरा होगा, जिसे देश की सबसे हाई-प्रोफाइल धार्मिक संस्थाओं में से एक को चलाना है। यानी CEO को एक साथ प्रशासक, मैनेजर, संकटमोचक और समन्वयक की भूमिका निभानी होगी।
एक रिटायर्ड अफसर जिसने दशकों तक जिले, विभाग या सरकारी संस्थान संभाला हो, उसके लिए रिटायरमेंट के बाद ऐसी भूमिका हासिल करना करियर का बेहद चर्चित अध्याय बन सकता है। यानी यह सिर्फ नौकरी नहीं, एक बड़ी विरासत का हिस्सा बनने का मौका भी है। वहीं अगर कोई पूर्व IPS अधिकारी CEO बनता है तो उसके पास एक अलग तरह की खासियत होगी। अयोध्या में रामनवमी, दीपोत्सव, प्रमुख धार्मिक आयोजनों और विशेष मौकों पर भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा, इमरजेंसी रिस्पॉन्स, VIP मूवमेंट और कई सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। यही वह क्षेत्र है जहां पूर्व पुलिस अधिकारी अपने अनुभव का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा पूर्व सैन्य अधिकारियों की अपनी अलग ताकत है—अनुशासन, लॉजिस्टिक्स, संकट प्रबंधन और बड़े स्तर पर लोगों को व्यवस्थित करने की क्षमता..एक ऐसी जगह जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही हो, आपात स्थिति के लिए तैयार रहना हो और अलग-अलग टीमों को एक साथ काम कराना हो, वहां ये कौशल काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं, लेकिन उनके सामने भी चुनौती होगी. सेना का सिस्टम स्पष्ट कमांड और पदानुक्रम पर चलता है। मंदिर ट्रस्ट का सिस्टम उतना सीधा नहीं है। यहां प्रशासनिक फैसलों के साथ धार्मिक परंपराओं, संतों, ट्रस्ट के सदस्यों और विभिन्न हितधारकों को भी साथ लेकर चलना होगा।
इतना ही नहीं इस दौड़ में कॉरपोरेट और टेक्नोलॉजी सेक्टर के प्रोफेशनल भी इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि भविष्य का राम मंदिर सिर्फ पारंपरिक व्यवस्था से नहीं चलेगा। सोचिए—डिजिटल दान, ऑनलाइन सेवाएं, श्रद्धालुओं का डेटा, भीड़ का डिजिटल मैनेजमेंट, फाइनेंशियल कंट्रोल, साइबर सुरक्षा, HR सिस्टम और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर...इन क्षेत्रों में कॉरपोरेट और टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों का अनुभव सीधे काम आ सकता है। लेकिन समझना होगा कि किसी के लिए भी इस पद को हासिल करना आसान नहीं है .. क्योंकि उसके पास बहुत सी जिम्मेदारी होगीं जैसे -
दान की व्यवस्था कितनी पारदर्शी है?
सुरक्षा कितनी मजबूत है?
श्रद्धालुओं को कितनी सुविधा मिल रही है?
शिकायतों पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है?
और सबसे बढ़कर—लोगों का भरोसा कितना मजबूत है?
वहीं, दान से जुड़ा हालिया विवाद भी इस बात को रेखांकित करता है कि इंटरनल कंट्रोल और वित्तीय निगरानी कितनी महत्वपूर्ण होगी। इस पद पर बैठने वाला व्यक्ति सिर्फ मौजूदा व्यवस्था नहीं संभालेगा, बल्कि एक मिसाल भी बनाएगा। अगर पहला फुल-टाइम CEO सफल रहता है तो राम मंदिर का प्रशासन भारत की धार्मिक संस्थाओं के लिए एक नया मॉडल बन सकता है—जहां आस्था और आधुनिक मैनेजमेंट साथ-साथ चलते हैं। लेकिन अगर प्रयोग असफल होता है तो सवाल सिर्फ एक अधिकारी की क्षमता पर नहीं उठेगा। तब यह बहस भी शुरू हो सकती है कि क्या सरकारी प्रशासन की शैली को धार्मिक ट्रस्ट की अपनी परंपराओं और संरचना के साथ सहजता से जोड़ा जा सकता है? देखा जाए तो अयोध्या में असली मुकाबला सिर्फ उन 16 शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों के बीच नहीं है, जो इंटरव्यू तक पहुंचे हैं। असली मुकाबला तीन अलग-अलग सोच के बीच है—जैसे
क्या राम मंदिर को एक आधुनिक कॉरपोरेट की तरह मैनेज किया जाए?
क्या इसे सरकारी प्रशासन की दक्षता के साथ चलाया जाए?
या फिर आस्था, परंपरा और आधुनिक मैनेजमेंट—तीनों का ऐसा मॉडल बनाया जाए, जो अपनी तरह का पहला उदाहरण हो?
जिस व्यक्ति को इस कुर्सी के लिए चुना जाएगा, उसके सामने यही सबसे बड़ी परीक्षा होगी। क्योंकि राम मंदिर का CEO बनना किसी आम संस्था का CEO बनना नहीं है। यह ऐसी कुर्सी है, जहां एक तरफ करोड़ों लोगों की आस्था है, दूसरी तरफ आधुनिक भारत की प्रशासनिक और तकनीकी अपेक्षाएं और शायद यही वजह है कि 5,585 लोगों ने आवेदन किया, लेकिन अब नजरें सिर्फ उस एक नाम पर हैं—जो अयोध्या की इस सबसे चर्चित कुर्सी पर बैठेगा।
No Previous Comments found.