रामायण के बजट पर राम गोपाल वर्मा का बड़ा दावा, 2000 नहीं 800 करोड़ से भी कम में बनी पहली फिल्म

रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म के भव्य सेट, शानदार विजुअल्स और भारी-भरकम बजट को लेकर आए दिन नई चर्चाएं सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म के दोनों पार्ट का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है। लेकिन अब फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने इस बजट को लेकर एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि फिल्म का पहला पार्ट 2000 करोड़ नहीं, बल्कि 800 करोड़ रुपये से भी कम लागत में तैयार किया गया है। इतना ही नहीं, उन्होंने भविष्यवाणी की है कि ‘रामायण पार्ट 2’ पहले पार्ट के मुकाबले 10 गुना ज्यादा कमाई कर सकती है।

अपनी मां का दिलचस्प किस्सा किया शेयर

राम गोपाल वर्मा ने बीते दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट शेयर की थी। इस पोस्ट में उन्होंने फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की जमकर तारीफ की। साथ ही उन्होंने अपनी मां से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी बताया।राम गोपाल वर्मा के मुताबिक, उनकी मां ने उनके करियर की बेहतरीन फिल्मों के लिए भी कभी ऐसा उत्साह नहीं दिखाया था, लेकिन अब वह खुद अपने रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में काम करने वाले हाउस हेल्प और सिक्योरिटी गार्ड्स के लिए ‘रामायण’ के टिकट खरीद रही हैं। उनके इस किस्से से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में कितनी उत्सुकता है।

800 करोड़ से भी कम है पहले पार्ट का बजट!

राम गोपाल वर्मा ने उन खबरों पर भी सवाल उठाए, जिनमें ‘रामायण’ के दोनों पार्ट का कुल बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। उनका दावा है कि फिल्म के पहले पार्ट को 800 करोड़ रुपये से थोड़ी कम लागत में बनाया गया है।उन्होंने बताया कि ग्लोबल टैक्स बेनिफिट्स, सब्सिडी और आपसी फायदे वाली डील्स की वजह से फिल्म की प्रभावी लागत और भी कम हो सकती है। हालांकि, यह आंकड़ा राम गोपाल वर्मा का अपना दावा है और मेकर्स की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

क्लाइमैक्स पर अलग-अलग हो सकता है खर्च

फिल्ममेकर का मानना है कि दोनों पार्ट का बजट एक जैसा मानना सही नहीं होगा। फिल्म के अलग-अलग हिस्सों और खासकर क्लाइमैक्स पर होने वाला खर्च काफी अलग हो सकता है। उनके मुताबिक, फिल्म की दुनिया तैयार करने में काफी निवेश किया गया है, लेकिन इसका फायदा केवल पहले पार्ट तक सीमित नहीं रहेगा।

पार्ट 2 में दिखेगा जबरदस्त एक्शन

राम गोपाल वर्मा के मुताबिक, फिल्म के लिए तैयार किए गए विजुअल एसेट्स और दूसरी चीजों का इस्तेमाल दूसरे पार्ट के अलावा गेमिंग और अन्य प्रोजेक्ट्स में भी किया जा सकता है। इससे फिल्म के निर्माण में हुए निवेश का लंबे समय तक फायदा मिल सकता है।वहीं, दूसरे पार्ट में हनुमान जी के कारनामे, वानर सेना, राम सेतु, लंका दहन और रावण वध जैसे बड़े और भव्य सीक्वेंस देखने को मिल सकते हैं।

रामायण पार्ट 2 करेगी 10 गुना ज्यादा कमाई?

राम गोपाल वर्मा ने अपनी भविष्यवाणी के लिए सुपरहिट फिल्म ‘KGF 2’ का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह ‘KGF 2’ ने पहले पार्ट के मुकाबले करीब पांच गुना ज्यादा कारोबार किया था, उसी तरह ‘रामायण पार्ट 2’ पहले पार्ट से 10 गुना ज्यादा कमाई कर सकती है।उनका अनुमान है कि पहले पार्ट की कमाई से ही नमित मल्होत्रा दोनों फिल्मों की लागत वसूल सकते हैं। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म वास्तव में कितना बड़ा कारोबार करती है।

नमित मल्होत्रा की जमकर की तारीफ

अपनी पोस्ट के आखिर में राम गोपाल वर्मा ने नमित मल्होत्रा की तारीफ करते हुए उन्हें भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा मेगा फिल्ममेकर तक बता दिया। फिलहाल, फिल्म के बजट और दूसरे पार्ट की कमाई को लेकर उनके बयान ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अब सबकी नजरें ‘रामायण’ के दोनों पार्ट पर टिकी हैं कि क्या रणबीर कपूर की यह फिल्म भारतीय सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना पाएगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.