‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का ट्रेलर रिलीज , देव शर्मा बने श्री राम तो रजनीश दुग्गल दिखेंगे रावण के रूप में

AKANSHA UPADHYAY

अगर आप रामायण की उस कहानी को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें प्रेम है, भक्ति है, त्याग है और धर्म-अधर्म की सबसे बड़ी लड़ाई है, तो आपके लिए बड़ी खबर है। ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और ट्रेलर सामने आते ही फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।फिल्म में देव शर्मा भगवान श्री राम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि अंजलि अरोड़ा माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। वहीं रजनीश दुग्गल रावण के रूप में दिखाई देंगे। इसके अलावा शील वर्मा लक्ष्मण और निर्भय वाधवा हनुमान जी की भूमिका में नजर आएंगे।

अब बात करते हैं ट्रेलर की शुरुआत की। ट्रेलर की शुरुआत राम और सीता के रिश्ते से होती है। दोनों के बीच का प्रेम और विश्वास कहानी की भावनात्मक नींव तैयार करता है। इसके बाद कहानी पहुंचती है वनवास तक, जहां परिस्थितियां बदलती हैं और राम, सीता और लक्ष्मण के जीवन की सबसे कठिन यात्रा शुरू होती है।ट्रेलर में सीता हरण, हनुमान जी की भक्ति और फिर लंका की ओर बढ़ते संघर्ष की झलक देखने को मिलती है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, धर्म और अधर्म के बीच टकराव भी गहरा होता जाता है। इसी दौरान सुनाई देता है फिल्म का दमदार संवाद—‘अधर्म के सामने, धर्म का नाम, श्री राम।’

फिल्म की खास बात यह है कि कहानी में सिर्फ युद्ध और भव्य दृश्य ही नहीं, बल्कि श्री राम की मर्यादा, संयम और कर्तव्य को भी प्रमुखता दी गई है। निर्देशक अभिषेक सिंह के मुताबिक, कोशिश रामायण को सिर्फ भव्य रूप में पेश करने की नहीं, बल्कि उसके भावनात्मक पक्ष को दर्शकों तक पहुंचाने की भी रही है।देव शर्मा के लिए श्री राम का किरदार निभाना एक बड़ी जिम्मेदारी रही। उनके अनुसार, श्री राम की शक्ति केवल उनके सामर्थ्य में नहीं, बल्कि उनके संयम, करुणा, कर्तव्य और मर्यादा में है।

वहीं अंजलि अरोड़ा ने माता सीता के किरदार को अपनी पहली फीचर फिल्म के लिए चुना है। उन्होंने सीता के संकल्प, गरिमा और आंतरिक शक्ति को इस भूमिका का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।दूसरी तरफ रजनीश दुग्गल रावण के किरदार में दिखाई देंगे। उनके मुताबिक, रावण के पास ज्ञान और शक्ति होने के बावजूद उसका अहंकार उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बना।‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और यह हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी दर्शकों तक पहुंचेगी।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.