जैन समाज ने किया 'दीक्षार्थियों' का अभिनन्दन
रामगढ़ : दिगम्बर जैन समाज रामगढ़ ने रामगढ़ जिनालय में आए हुए दो दीक्षार्थियों का सामाजिक अभिनन्दन किया। स्मरणीय है कि जैन धर्म के शाश्वत तीर्थ श्री सम्मेद शिखरजी स्थित गुणायतन परिसर में आगामी 18 अप्रैल को परम पूज्य मुनिश्री 108 प्रमाणसागर जी के सानिध्य में भव्य जैनेश्वरी दीक्षा समारोह आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए जैन समाज के अध्यक्ष राजेन्द्र चूड़ीवाल एवं सचिव योगेश सेठी ने संयुक्त रूप से बताया है कि हमारे रामगढ़ जिनालय में आए हुए दोनों बाल ब्रह्मचारी सौरभ भैया एवं रूपेश भैया दीक्षार्थी हैं। और आगामी 18 अप्रैल को आयोजित होने वाले जैनेश्वरी दीक्षा समारोह में दोनों जैन मुनि बनने की ओर अग्रसर हैं।
योगेश सेठी ने बताया कि हमारा जैन धर्म संयम, तप एवं त्याग पर आधारित है। हमारे इन दोनों युवा तपस्वियों की साधना पर हमारे समस्त समाज को गर्व है। साथ ही उन्होंने कहा कि आज का युवा उच्च शिक्षा प्राप्त कर ऊँची-ऊँची नौकरी पाने को लालायित रहता है, परन्तु इन युवाओं ने दीक्षा प्राप्त कर साधना के मार्ग का चयन किया जो अति प्रशंसनीय है और समस्त रामगढ़ समाज उनके निर्णय की बारम्बार अनुमोदना करता है।
इन साधकों के सम्मान में उनके आगमन पर सर्वप्रथम उनसे अभिषेक एवं शांतिधारा कराई गई। तत्पश्चात कार्यकारिणी समिति द्वारा उनका सामाजिक अभिनन्दन किया गया। अभिनन्दन के उपरांत सुसज्जित बग्गी में उन्हें बैठाकर बिन्दौरी उत्सव आयोजित किया गया। नगर भ्रमण के उपरांत दीक्षार्थियों की गोद भराई का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद दीक्षार्थियों की आहार चर्या की व्यवस्था श्रीमान् पद्मचंद जी, विद्याप्रकाश जी, पद्मचंद जी के आवास पर की गई।
उपरोक्त सभी कार्यक्रमों में समाज के सभी पुरुष एवं महिला सदस्यों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सचिव ने कार्यकारिणी समिति की तरफ से सभी का आभार प्रकट किया। उपरोक्त जानकारी जैन समाज के मीडिया प्रभारी श्रवण जैन ने दी।
रिपोर्टर : राजीव सिंह

No Previous Comments found.