दीदियों की मेहनत, खेतों में क्रांति: मांडू–गोला में तरबूज उत्पादन पर सफलता की कहानी

रामगढ़ : उपायुक्त के निर्देशन एवं उप-विकास आयुक्त के मार्गदर्शन में जिले में महिला सशक्तिकरण एवं उन्नत कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 04 फरवरी 2026 को DRDA, JSLPS एवं प्रदान की संयुक्त टीम द्वारा मांडू प्रखंड के कर्मा उत्तरी एवं गोला प्रखंड के सोनागातू गांव का क्षेत्रीय भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान यह स्पष्ट रूप से देखा गया कि स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी दीदियां सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग के माध्यम से कृषि क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम कर रही हैं।

मांडू प्रखंड के कर्मा उत्तरी गांव में 45 महिला किसान लगभग 20 एकड़ भूमि पर तरबूज की उन्नत खेती कर रही हैं। वहीं, गोला प्रखंड के सोनागातू गांव में 63 दीदियां लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में तरबूज के साथ-साथ करेला, खीरा एवं तोरई जैसी सब्जियों की सफल खेती कर रही हैं। IFC परियोजना के अंतर्गत किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज सहायता प्रदान की जा रही है। किसान उत्पादक संगठन (FPO) के माध्यम से सामूहिक रूप से सस्ती दरों पर बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रदान संस्था द्वारा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन एवं फील्ड स्तर पर निरंतर सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। उत्पादों के विपणन की व्यवस्था भी FPO के माध्यम से संगठित रूप में की जा रही है, जिससे किसानों को उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है।

अब तक मांडू क्षेत्र में लगभग 11 मीट्रिक टन एवं गोला क्षेत्र में लगभग 10 मीट्रिक टन तरबूज का सफलतापूर्वक विपणन किया जा चुका है। इन उत्पादों की बिक्री ₹10 प्रति किलोग्राम की दर से रांची, धनबाद एवं आसपास के बाजारों में की गई है, जिससे महिला किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत ड्रिप सिंचाई एवं मल्चिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन तकनीकों के उपयोग से जल संरक्षण के साथ-साथ उत्पादन में भी वृद्धि हो रही है, जिससे किसान अधिक लाभ अर्जित कर रहे हैं।

यह पहल न केवल महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि जिले में आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक मॉडल भी प्रस्तुत करती है। जिला प्रशासन भविष्य में भी इस प्रकार की पहलों को प्रोत्साहित करते हुए किसानों की आय दोगुनी करने एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने हेतु प्रतिबद्ध है।

 

 संवाददाता - राजीव सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.