विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता वाहनों को उपायुक्त ने दिखाई हरी झंडी।
रामगढ़ : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज द्वारा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनमानस को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है तथा इससे अनेक गंभीर एवं जानलेवा बीमारियां उत्पन्न होती हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। रथ के जरिए लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान, इससे बचाव के उपाय तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन प्रभारी डॉ.स्वराज,राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी डॉ.तूलिका रानी,एनडीसी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के तहत साहियाओं द्वारा जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए लोगों को तंबाकू सेवन छोड़ने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
संवाददाता - राजीव सिंह
No Previous Comments found.