नगर परिषद रामगढ़ द्वारा किए जा रहे कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा
रामगढ़ : उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में सोमवार को नगर परिषद कार्यालय रामगढ़ के सभागार में नगर परिषद द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष नगर परिषद कुसुमलता कुमारी एवं उपाध्यक्ष नगर परिषद रणधीर गुप्ता उपस्थित रहे। बैठक में नगर परिषद क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, राजस्व संग्रहण, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने नगर परिषद के सफाई वाहनों की प्रखंडवार टैगिंग व्यवस्थित ढंग से करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी वाहनों में जीपीएस सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। नगर परिषद क्षेत्र के 32 वार्डों के प्रभावी प्रबंधन के लिए उपायुक्त ने 16-16 वार्डों पर एक-एक सिटी मैनेजर को टैग करते हुए उनके माध्यम से क्षेत्र में सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए क्षेत्रवार जवाबदेही तय की जाए। आम नागरिकों तक आवश्यक सेवाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने वॉटर टैंकर, सेप्टिक टैंक सफाई एवं अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़े दूरभाष नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं बड़े भवनों की दीवारों पर इन संपर्क नंबरों को प्रदर्शित करने की व्यवस्था करने को कहा। नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक के दौरान छत्तरमांडू स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क में विभिन्न नागरिक सुविधाओं के विकास को लेकर चर्चा की गई। उपायुक्त ने पार्क का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि वहां आम नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकें।
उपायुक्त ने नगर परिषद अंतर्गत कार्यरत सभी कर्मियों, विशेषकर सफाई कर्मियों के वेतन का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त ने 15 दिनों के भीतर टाइड एवं अनटाइड फंड से संचालित की जाने वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
नमामि गंगे योजना के अंतर्गत सुगिया एवं गोबरदरहा में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कार्य प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया तथा संबंधित एजेंसी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। इसी प्रकार वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसी को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान नगर परिषद रामगढ़ के राजस्व में वृद्धि के विभिन्न उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ राजस्व संग्रहण को सुदृढ़ करने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा हाल ही में चिन्हित जलमीनारों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नगर परिषद क्षेत्र के सभी निर्माणाधीन जलमीनारों का कार्य 15 जुलाई तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
सुरक्षा की दृष्टि से उपायुक्त ने नगर परिषद क्षेत्र में रात के समय अंधेरे रहने वाले स्थानों (डार्क स्पॉट्स) को चिन्हित कर वहां आवश्यक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में नगर परिषद द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर निर्मित शौचालयों की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी सार्वजनिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने प्रतिमाह न्यूनतम 10 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा आगामी तीन से चार माह में 80 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत उपायुक्त ने नगर परिषद क्षेत्र के शत-प्रतिशत स्ट्रीट वेंडरों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने 15 दिनों के भीतर स्ट्रीट वेंडर असेसमेंट रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक के दौरान शहरी क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों से जोड़ने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त शहरी स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति, नागरिक सुविधाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत उपायुक्त श्री ऋतुराज ने नगर परिषद कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों एवं पंजीयों के संधारण सहित अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में नगर परिषद रामगढ़ के कार्यपालक पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : राजीव सिंह
No Previous Comments found.