रामगढ़ में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान का शुभारंभ

 रामगढ़ : उपायुक्त, रामगढ़ ऋतुराज के मार्गदर्शन में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी की रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान 2026 के अंतर्गत आज जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला समाज कल्याण रामगढ़ तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), रामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। इसके उपरांत उन्होंने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों एवं उनकी रोकथाम के प्रति जागरूक करेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिला एवं प्रखंड स्तर पर उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों द्वारा मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम तथा नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ ग्रहण किया गया तथा हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लिया गया।
अभियान के दौरान जिले के सभी पंचायतों एवं ग्राम स्तर पर रैलियां, समूह बैठकें, ग्राम सभाएं, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, जनसंवाद एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग तथा JSLPS रामगढ़ के संयुक्त प्रयास से संचालित यह अभियान जिले में नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर सभी संबंधित विभागों, सामुदायिक संगठनों एवं आम नागरिकों ने नशामुक्त रामगढ़ के निर्माण हेतु सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम मे मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, जिला कार्यक्रम प्रबंधक JSLPS रीता सिंह, जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय कर्मी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : राजीव सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.