केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले व न्यायमूर्ति रंगनाथ पाण्डेय की मौजूदगी में राष्ट्रीय संगोष्ठी
रामगढ : झारखंड के रामगढ़ स्थित राधा गोविन्द यूनिवर्सिटी में आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में शिक्षा,सामाजिक समरसता, न्याय व्यवस्था और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले, प्रयागराज हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति रंगनाथ पाण्डेय सहित देशभर से आए शिक्षाविदों,न्यायविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
संगोष्ठी में मध्य प्रदेश के रीवा जिले के त्योंथर क्षेत्र से युवा भाजपा नेता योगेंद्र प्रताप सिंह भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों से शिष्टाचार भेंट कर समसामयिक विषयों पर चर्चा की।
योगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की ऐसी संगोष्ठियां समाज में सकारात्मक संवाद, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर व्यापक विमर्श का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित और समरस भारत के निर्माण का लक्ष्य साकार हो सकता है।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए तथा शिक्षा, सामाजिक समरसता और न्याय व्यवस्था को और सशक्त बनाने पर सुझाव दिए। आयोजन के अंत में सभी अतिथियों का सम्मान किया गया तथा भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.