वन क्षेत्र में अवैध माइनिंग के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश

रामगढ़ : रामगढ़ वन प्रमंडल के मांडू वन प्रक्षेत्र अंतर्गत खपपिया और लथिया क्षेत्र में कथित अवैध कोयला खनन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मुखिया सह सांसद प्रतिनिधि गुंजन साव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इन क्षेत्रों से प्रतिदिन 40 से 50 वाहनों में अवैध कोयला लोड कर स्थानीय फैक्ट्रियों में पहुंचाया जाता है। उनका कहना है कि लंबे समय से यह कारोबार खुलेआम चल रहा है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
मुखिया सह सांसद प्रतिनिधि गुंजन साव ने बताया कि उन्होंने मामले की जानकारी मांडू वन प्रक्षेत्र के पदाधिकारी बटेश्वर पासवान को दी थी। उनके अनुसार, कार्रवाई करने के बजाय पदाधिकारी ने उन्हें आवास पर आकर बात करने के लिए कहा। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे यह प्रतीत होता है कि संबंधित अधिकारी अवैध खनन पर कार्रवाई करने के प्रति गंभीर नहीं हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध खनन पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं, इस मामले में जब मांडू वन प्रक्षेत्र के रेंजर बटेश्वर पासवान से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, तो आरोप है कि उन्होंने पत्रकार से ही अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी भरे अंदाज में बात की।
ग्रामीणों ने मांग की है कि यह स्पष्ट किया जाए कि जहां कथित अवैध खनन हो रहा है, वह क्षेत्र वन विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है या नहीं। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

रिपोर्टर : राजीव सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.