पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, टाटा कंपनी वेस्ट बोकारो डिवीजन पर लापरवाही का आरोप
रामगढ़ : जिले के सारू बेरा बाजार टार क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने से स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। रोजमर्रा के उपयोग के लिए पानी नहीं मिलने से परेशान ग्रामीण नदी और तालाब के पानी का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या महीनों से बनी हुई है। उनके अनुसार, टाटा कंपनी वेस्ट बोकारो की ओर से क्षेत्र में बोरवेल का कार्य कराया गया। उसी दौरान सीसीएल द्वारा बिछाई गई पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके बाद से नियमित जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार टाटा कंपनी के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। अधिकारी लगातार "आज हो जाएगा, कल हो जाएगा" कहकर मामला टालते रहे, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पाइप टूटने के बाद टाटा कंपनी की ओर से टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाता था, लेकिन कुछ दिनों से वह भी बंद कर दिया गया है। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।ग्रामीणों ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित होने के कारण वे सड़क जाम करने को मजबूर हुए हैं।हमारे संवाददाता ने कंपनी के कर्मचारियों से बात करने की कोशिश की लेकिन कुछ भी बताने से मना कर दिया ।
रिपोर्टर : राजीव सिंह
No Previous Comments found.