रामगढ़ थाना से चंद कदम दूर दामोदर नदी पुल से केबल चोरी, पुल पर मलबा छोड़ फरार हुए चोर, राहगीर परेशान

रामगढ़ : रामगढ़ में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब थाना से कुछ ही दूरी पर भी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला दामोदर नदी पुल का है, जहां बीते दिनों अज्ञात चोरों ने पुल की रेलिंग को क्षतिग्रस्त कर उसमें लगी केबल काटकर चोरी कर ली।स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरी की यह वारदात लगातार हो रही, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब थाना के नजदीक ही इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।घटना की जानकारी मिलने के बाद रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।घटना के बाद पुल पर केबल और रेलिंग का मलबा बिखरा हुआ है, जिससे पैदल आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मलबा नहीं हटाया गया, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।इस घटना ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी, पुल से मलबा हटाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।

रिपोर्टर : राजीव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.