चरही में वाहन चेकिंग के दौरान वैगनआर कार से 100 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद, चालक फरार

रामगढ : रामगढ़ हजारीबाग जिले के सीमावर्ती चरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-20 स्थित चरही घाटी के ऊपर मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, रामगढ़ की ओर से आ रही नीले रंग की वैगनआर कार संख्या बीआर-01-एवाई-3065 को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने कार को पीछे घुमाकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर पास के जंगल-झाड़ का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो पीछे की सीट और डिक्की से कुल 100 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 50 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड और 50 बोतल रॉयल चैलेंज शामिल हैं। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में कार मालिक, चालक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार चालक और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है।

 संवाददाता : राजीव सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.