BFCL में सुरक्षा शपथ कार्यक्रम, ‘शून्य हानि’ के लक्ष्य के प्रति कर्मचारियों ने जताई प्रतिबद्धता
रामगढ़ : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (BFCL) में कार्यस्थल पर मजबूत सुरक्षा संस्कृति विकसित करने और ‘शून्य हानि’ (Zero Harm) के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से सोमवार को एचएसपीए परिसर में सुरक्षा शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेका कर्मियों ने सामूहिक रूप से सुरक्षा शपथ ली।
इस दौरान कर्मचारियों ने सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने, कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का ध्यान रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। साथ ही कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों की पहचान कर उन्हें समय रहते दूर करने और किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के दौरान कहा गया कि कार्यस्थल की सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक कर्मचारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी और सामूहिक प्रतिबद्धता है। कर्मचारियों को स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अपने सहकर्मियों की सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया।
कंपनी की ओर से बताया गया कि सुरक्षा के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और स्वामित्व की भावना को मजबूत करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सुरक्षित, स्वस्थ और सकारात्मक कार्य वातावरण तैयार करना है।
कार्यक्रम में कंपनी के वरीय अधिकारी समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं ठेका कर्मी उपस्थित रहे। BFCL की ओर से कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ‘शून्य हानि’ के लक्ष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई।
रिपोर्टर : राजीव सिंह

No Previous Comments found.