पारसनाथ जिनालय में मुनिसंघ का मंगल प्रवेश, भक्तिमय माहौल में हुआ स्वागत

रामगढ़ : रांची रोड स्थित पारसनाथ जिनालय में जैन समाज के परम पूज्य आचार्य भगवन वसुनंदी जी के परम प्रभावक शिष्य मुनिश्री 108 पुननंदी जी एवं मुनिश्री 108 शुभानंदी जी ससंघ का मंगल प्रवेश भक्तिमय माहौल में हुआ। इस दौरान जैन समाज के श्रद्धालुओं ने मुनिसंघ का श्रद्धा और भक्ति के साथ स्वागत किया।

ज्ञात हो कि मुनिसंघ का पिछले चार माह से दिगंबर जैन मंदिर रामगढ़ में मंगलकारी चातुर्मास श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ चल रहा है। चातुर्मास के दौरान मुनिसंघ के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुनिसंघ द्वारा प्रतिदिन श्रावकों को प्रवचन के माध्यम से धर्म और आत्मशुद्धि का संदेश दिया जा रहा है। प्रवचन सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

जैन समाज के सचिव योगेश सेठी ने बताया कि जैन मुनि चातुर्मास के दौरान एक ही स्थान पर चार माह प्रवास कर तप, ध्यान एवं साधना के माध्यम से आत्मशुद्धि के मार्ग का अनुसरण करते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष रामगढ़ समाज को मुनिसंघ का चातुर्मास कराने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जिसे समाज के लिए गौरव और सौभाग्य का अवसर माना जा रहा है।

उन्होंने बताया कि समाज के अनुरोध पर मुनिसंघ ने कुछ दिनों तक पारसनाथ जिनालय में प्रवास करने का निर्णय लिया है। इससे रांची रोड क्षेत्र में रहने वाले जैन समाज के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं को भी मुनिसंघ के सानिध्य और धर्म प्रभावना का लाभ मिल सकेगा।

मुनिसंघ के विहार को सफल बनाने में अध्यक्ष राजेंद्र चुड़ीवाल, देवेंद्र गंगवाल, सुशील चुड़ीवाल, नितिन पाटनी, सुभाष सेठी, विकास रपरिया, प्रवीण जैन, अमित काला, कमल पाटनी, राजू सेठी, नीरज सेठी, बंटी सेठी एवं निशांत सेठी का सराहनीय योगदान रहा।

संवाददाता : राजीव सिंह

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.