दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर नगर परिषद की बैठक, सफाई और रोशनी समेत कई मुद्दे उठे

रामगढ़ : आगामी दुर्गा पूजा 2026 को सफल एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर रामगढ़ नगर परिषद कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष कुसुम लता देवी, उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता एवं कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन की मौजूदगी में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों तथा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने हिस्सा लिया।

बैठक के दौरान मांडू विधायक प्रतिनिधि छोटू पटेल ने अरगड्डा-सिरका क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूजा पंडाल एवं मेला परिसर में प्रतिदिन नियमित सफाई कराने तथा पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके अलावा अरगड्डा बैगा मोड़ से दुर्गा मंडप परिसर तक सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियों की सफाई, श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था तथा सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने की मांग रखी गई। उन्होंने कहा कि पूजा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। संबंधित समस्याओं का समय रहते समाधान करने की मांग की गई, ताकि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

 संवाददाता : राजीव सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.