रामगढ़ में सड़क हादसों का कहर: तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में 16 लोगों की मौत, एक की हालत नाजुक

रामगढ़ - झारखंड के रामगढ़ जिले में 28 नवंबर का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। जिले में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कहीं तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को अपनी चपेट में लिया, तो कहीं ट्रक की टक्कर से मालवाहक टेंपो चालक की जान चली गई। वहीं, सबसे बड़ा हादसा उस समय हुआ, जब बिहार से रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने आ रहे एक ही परिवार के 13 लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।

पहली घटना: कंटेनर की टक्कर से पिता-पुत्री की मौत

पहली घटना रामगढ़ के NH-33 स्थित पैकी के पास हुई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता अरुण ओहदार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कंटेनर चालक नशे की हालत में था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कंटेनर चालक को पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया।

दूसरी घटना: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत

दूसरी सड़क दुर्घटना रामगढ़-रांची NH-33 पर माया टुंगरी के पास हुई। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक  चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रामगढ़ रांची मुख मार्ग घंटों जाम रहा घटना सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटना स्तर पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई और यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया।

तीसरी घटना: रजरप्पा पूजा करने आ रहे बिहार के एक ही परिवार के 13 लोगों की मौत

तीसरी और सबसे हृदयविदारक घटना में बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत जंघारो गांव से परिवार और रिश्तेदार स्कॉर्पियो वाहन पर सवार होकर रामगढ़ स्थित प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने आ रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक को रांची पटना NH 33 पेंकी के पास आँख लग गई और आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया।

हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो में सवार 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं, चार बच्चे और पांच पुरुष शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना की खबर मिलते ही रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजन भी रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंच रहे हैं।

संवाददाता - राजीव सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.