कृषि राज्यमंत्री ने मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय मेले का किया शुभारंभ
रामपुर- अजीतपुर स्थित सांवरिया फार्म में उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अन्तर्गत एक दिवसीय जनपद स्तरीय मेला सह प्रदर्शनी, प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेन्ट ऑफ क्रॉप रेजीडयू योजना के अन्तर्गत जागरूकता गोष्ठी एवं नेशनल मिशन ऑन एडिबिल ऑयल (ऑयल सीड्स) के अन्तर्गत तिलहन मेला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा. राज्यमंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान श्री बलदेव सिंह औलख ने फीता काटकर कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा दीप प्रज्वलित कर कृषक गोष्ठी का शुभारम्भ किया।
उन्होंने कृषकों से सम्बोधित करते हुए कहा कि पराली न जलायें। पराली जलाने से पर्यावरण तो प्रदूषित होता है, इससे भूमि में मौजूद सूक्ष्म जीव नष्ट हो जाते हैं, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है। साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं यथा-सोलर पम्प योजना, कृषि यंत्रीकरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती, मिलेट्स की खेती आदि के बारे में विस्तार से बताया और बढ़ती कॉस्ट ऑफ कल्टीवेशन के दृष्टिगत कृषकों से प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी श्री नन्द किशोर कलाल ने जनपद के कृषकों से पराली न जलाकर उसे प्रबन्धन कराने पर जोर दिया गया तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों से अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराने हेतु आह्वान किया गया। साथ ही उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे किसानों को फार्मर रजिस्ट्री न कराने पर आगामी किस्त नहीं मिलेगी।
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री मोहन लाल सैनी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने तथा उन्हें लाभ दिलाने के लिए सरकार द्वारा निरंतर कार्य किये जा रहे हैं। साथ ही उनके द्वारा बताया गया कि सहकारिता विभाग में 12 सितम्बर से 12 अक्टूबर, 2025 के मध्य समितियों के सदस्य बनने हेतु अभियान चलाया जा रहा है। उनके द्वारा अधिक से अधिक संख्या में सदस्य बनने हेतु आह्वान किया गया।पूर्व सांसद श्री घनश्याम सिंह लोधी द्वारा कृषि वैज्ञानिकों की तकनीक से खेती करने का आह्वान किया गया।
उप कृषि निदेशक रामकिशन द्वारा पराली को न जलाकर उसे प्रबन्धन करने के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि गत वर्षों में जनपद के कृषकों के सहयोग से कुल 41 घटनायें ही घटित हुई थीं, जिससे जनपद को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था और इस अवसर पर जनपद को मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा सम्मानित किया गया था। उन्होंने गत वर्ष की भॉति ही इस वर्ष भी पराली न जलाने हेतु कृषकों से अपील की।
उन्होंने बताया कि मिलेट्स अनाज की खेती करने तथा अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा तोरिया एवं सरसों के बीज मिनीकिट्स निःशुल्क प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते है।
जनपद में पर्याप्त मात्रा में फॉस्फेटिक उर्वरक उपलब्ध है जिनको 01 अक्टूबर, 2025 से खुदरा बिक्री केन्द्रों पर उपलब्ध कराया जायेगा।
कृषि वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र, धमोरा डा0 अनुज बंशल द्वारा फसलों में लगने वाले रोग/कीट पतंगों तथा बुबाई से पूर्व बीज शोधन के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा श्री हंसराज पप्पू, जिला महामंत्री भाजपा श्री अशोक बिश्नोई, जिला कृषि अधिकारी श्री कुलदीप सिंह राणा, भूमि संरक्षण अधिकारी श्री भगवत सरन, वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र धमोरा डा0 नरेन्द्र सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता डॉ. गणेश गुप्ता, अधीक्षक राजकीय उद्यान आदि अधिकारीगण/कर्मचारीगण, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों व कृषकों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
रिपोर्टर राजू सिंह राजपूत, रामपुर।
No Previous Comments found.