जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक
रामपुर : जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त हो रही विद्युत संबंधी शिकायतों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं द्वारा लगातार यह बताया जा रहा है कि उनकी शिकायतों को समय पर सुना नहीं जा रहा है तथा विभागीय स्तर पर अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई जा रही है। जिलाधिकारी ने इसे अत्यंत गंभीर बताते हुए अधिकारियों की कार्यशैली पर स्पष्ट रूप से नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी नियमित रूप से अपने कार्यालय में बैठकर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनें। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से इधर-उधर न भेजा जाए और प्रत्येक शिकायत का समाधान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि विभागीय कार्यशैली में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित होना चाहिए, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता को गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि चाइनीज़ मांझा से पतंगबाज़ी की घटनाओं के कारण विद्युत लाइनों पर मांझा उलझ रहा है, जिससे विद्युत फॉल्ट उत्पन्न हो रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि चाइनीज़ मांझे का उपयोग प्रतिबंधित है। ऐसे मांझे का उपयोग करने या बेचने वालों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए और इसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्टर : राजू सिंह राजपूत
No Previous Comments found.