कड़ाके की ठंड व शीतलहर से बचाव हेतु शासन के निर्देशानुसार जनपद में कंबल वितरण अभियान जारी
रामपुर : कड़ाके की ठंड, घने कोहरे एवं शीतलहर से आमजन को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में राहत कार्य निरंतर जारी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र द्वारा तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील सदर के असहाय एवं बेसहारा व्यक्तियों को शीतलहर से राहत प्रदान करते हुए कंबलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पात्र एवं जरूरतमंद लाभार्थियों को कंबल वितरित किए गए। कंबल प्राप्त कर लाभार्थियों ने ठंड से राहत मिलने पर जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन एवं जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि शीतलहर की अवधि में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर सर्वे कर वास्तविक जरूरतमंदों की पहचान सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कंबल एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि शीतलहर की अवधि तक कंबल वितरण के साथ-साथ अलाव की व्यवस्था, रैन बसेरों का संचालन एवं अन्य आवश्यक राहत प्रबंध निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जनपद के प्रत्येक जरूरतमंद को समय पर प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : राजू राजपूत


No Previous Comments found.