बस डिपो के बाहर खड़ी बसों पर सख्ती, अधिकारियों को दिए निर्देश
रामपुर : जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्री विद्यासागर मिश्र द्वारा रामपुर रोडवेज बस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बस स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एआरएम श्री रामप्रकाश को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी रोडवेज बसों का संचालन सवारियों के बैठने एवं उतरने के लिए अनिवार्य रूप से बस डिपो के अंदर से ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिपो के बाहर किसी भी प्रकार की बस या अन्य वाहन खड़े न पाए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि डिपो के बाहर बसें खड़ी रहने से सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, ऐसे नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने प्रभारी यातायात अधिकारी को भी निर्देश दिए कि कोई भी बस अवैध रूप से सड़क पर खड़ी न होने पाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान एआरएम रोडवेज द्वारा अवगत कराया गया कि स्टेशन के सामने से नैनीताल रोड की ओर जाने वाली बसों के लिए सड़क पर कट न होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि नैनीताल रोड की ओर जाने वाली बसों के लिए उपयुक्त कट अथवा वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कराई जाए।
जिलाधिकारी ने रोडवेज परिसर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर के समीप स्थित पार्क की स्थिति को देखते हुए उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद रामपुर को निर्देशित किया कि पार्क का सौन्दर्यीकरण कराया जाए तथा साफ-सफाई हेतु डस्टबिन आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्टर : राजू राजपूत


No Previous Comments found.