सेवायोजन विभाग द्वारा 10 फरवरी को राजकीय पॉलीटेक्निक शाहबाद में कैम्पस प्लेसमेंट/रोजगार मेले का किया जायेगा आयोजन
रामपुर : मा0 मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के अन्तर्गत जनपद के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सेवायोजन विभाग द्वारा एक दिवसीय कैम्पस प्लेसमेंट/ रोजगार मेले का आयोजन 10 फरवरी 2026 को राजकीय पॉलीटेक्निक शाहबाद में प्रातः 10ः00 बजे से किया जाएगा।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी श्री मनोज कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की लगभग 05 कम्पनियाँ प्रतिभाग करेंगी, जिनमें पुखराज हैल्थ केयर प्रा०लि०, शिवम इन्टरप्राइजेज रूद्रपुर, अशोका लीलेण्ड रूद्रपुर सहित अन्य कम्पनियाँ सम्मिलित हैं। प्रतिभागी कम्पनियों द्वारा अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जायेगा। कैम्पस प्लेसमेंट में हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा एवं अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक बेरोजगार अभ्यर्थी अधिक से अधिक संख्या में रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से कैम्पस प्लेसमेंट में प्रतिभाग कर सेवायोजित हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कैम्पस प्लेसमेंट में सम्मिलित होने के लिए अभ्यर्थी का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी मेले में प्रतिभाग हेतु अपनी योग्यता के अनुसार पंजीयन कराते हुए कैम्पस/रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली किसी भी कम्पनी में आवेदन कर सकते हैं। यह कैम्पस प्लेसमेंट पूर्णतः निःशुल्क है। यदि कोई भी कम्पनी अभ्यर्थियों से कॉल अथवा एसएमएस के माध्यम से किसी प्रकार की फीस या धनराशि की मांग करती है, तो अभ्यर्थी किसी भी प्रकार का भुगतान न करें। इस कैम्पस प्लेसमेंट हेतु यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
रिपोर्टर : राजू राजपूत

No Previous Comments found.