आशापुर हत्याकांड का 8 घंटे में खुलासा, ममेरे भाई ने ईंट से कुचलकर की थी युवक की हत्या

रामपुर : थाना क्षेत्र के आशापुर गांव में सरसों के खेत में युवक की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी ममेरे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस का दावा है कि यह हत्या पैसों के विवाद को लेकर की गई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिकरारा थाना क्षेत्र के मेहंदी गांव निवासी लालचंद यादव का पुत्र बृजेश कुमार यादव रविवार को अपने ननिहाल भदोही जनपद के तुलसी चक गांव स्थित स्वर्गीय दशरथ यादव के घर आया था। सोमवार की सुबह रामपुर थाना क्षेत्र के वरुणा नदी किनारे स्थित सरसों के खेत में उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। युवक का चेहरा ईंट से बेरहमी से कुचला गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रामपुर पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रथम दृष्टया मामला ब्लाइंड मर्डर का प्रतीत हो रहा था, जिसके चलते पुलिस ने इसके खुलासे के लिए तीन विशेष टीमें गठित कीं।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर मिली बाइक के आधार पर मृतक की पहचान की गई। पहचान होने के बाद जांच की दिशा बदली और शक की सुई ननिहाल पक्ष की ओर गई। इसके बाद मृतक के मामा स्व. दशरथ यादव के पुत्र रोहित यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि मृतक से पैसों को लेकर उसका विवाद हुआ था, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलने के आठ घंटे के भीतर ही रामपुर पुलिस ने मामले का सफल अनावरण कर लिया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे रामपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार की कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके कार्यभार संभालने के बाद से अपराधियों में पुलिस का खौफ साफ नजर आ रहा है और अपराधियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है।

रिपोर्टर : सोनू गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.