संचारी रोग नियंत्रण, दस्तक एवं पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु हुई अन्तर्विभागीय बैठक सम्पन्न।
रामपुर : पोलियो मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जनपद में 28 जून से पल्स पोलियो अभियान का व्यापक स्तर पर संचालन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की तैयारियों एवं विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह की अध्यक्षता में अन्तर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का संचालन 01 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक तथा दस्तक अभियान का संचालन 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान नाले-नालियों की नियमित सफाई कराई जाएगी, लार्वारोधी रसायनों का छिड़काव किया जाएगा तथा लोगों को उथले हैंडपंपों का पानी न पीने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी तथा सूकर पालकों का भी संवेदीकरण किया जाएगा। दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा घर-घर भ्रमण कर संचारी रोगों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी तथा संभावित रोगियों की पहचान कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान से जुड़ी समस्त गतिविधियां निर्धारित समयावधि में पूर्ण करते हुए आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाया जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में पल्स पोलियो अभियान का संचालन 28 जून से 06 जुलाई, 2026 तक किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत 28 जून को बूथ दिवस आयोजित होगा, जबकि 29 जून से 06 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो वैक्सीन की खुराक पिलाएंगी। अभियान के तहत जनपद में कुल 3,74,420 बच्चों को पोलियो वैक्सीन पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. के.के. चहल ने बैठक में बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा पोलियो की वैक्सीन पीने से वंचित न रहे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को अभियान के प्रभावी संचालन एवं लक्ष्य पूर्ति के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : राजू राजपूत
No Previous Comments found.