बड़गांव पुलिस व आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

रामपुर - मनिहारान क्षेत्र के थाना बड़ागांव में अपराध नियंत्रण एवं अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान के तहत थाना बड़गांव पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने जंगल क्षेत्र ग्राम टपरी में छापेमारी कर अवैध कच्ची शराब बनाते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी देवबंद के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष नरेन्द्र भड़ाना के नेतृत्व में 28 जून 2026 को की गई कार्रवाई के दौरान ग्राम टपरी निवासी कुलदीप उर्फ जितेन्द्र पुत्र जसवीर तथा सतेन्द्र पुत्र ओमपाल को मौके से गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब बनाने की भट्टी व उपकरण, 220 लीटर अवैध अपमिश्रित कच्ची शराब, 390 लीटर लहन तथा 2 किलोग्राम यूरिया बरामद किया। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध थाना बड़गांव में मु0अ0सं0 160/2026 के तहत धारा 60(2) आबकारी अधिनियम एवं 274/275 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त कुलदीप उर्फ जितेन्द्र के विरुद्ध पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सतेन्द्र के विरुद्ध भी मारपीट एवं अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। थाना बड़गांव पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नरेन्द्र भड़ाना, उपनिरीक्षक सोनू कुमार, उपनिरीक्षक लाखन सिंह, कांस्टेबल निकेत शर्मा, अनिल कुमार,हिमांशु तथा आबकारी विभाग के कांस्टेबल सुदीप कुमार कनौजिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस प्रकार के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर - नरेश कुमार

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.