असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के लिए अभियान चलाएं: जिलाधिकारी

रामपुर : जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान सहायक श्रम आयुक्त ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं लघु व्यापारियों के लिए एक अंशदायी पेंशन योजना है। इस योजना के अंतर्गत ऐसे पात्र लाभार्थी, जिनकी मासिक आय 15,000 रुपये या उससे कम है तथा जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष के बीच है, वे अपनी आयु के अनुसार 55 रुपये से 200 रुपये प्रतिमाह तक का अंशदान जमा करते हैं। 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर उन्हें 3,000 रुपये प्रतिमाह की सुनिश्चित पेंशन प्रदान की जाती है।

उन्होंने बताया कि जनपद को इस योजना के अंतर्गत 1,700 लाभार्थियों के पंजीकरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष अब तक 742 पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराया जा चुका है।
सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि योजना में पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, बचत बैंक/जनधन खाते की पासबुक तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक है। पात्र व्यक्ति किसी भी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), ग्राम पंचायत भवन, नगर निकाय कार्यालय अथवा श्रम विभाग के कार्यालय में जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त maandhan.in पोर्टल के माध्यम से भी पंजीकरण किया जा सकता है तथा अधिक जानकारी के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 14434 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायत सहायकों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं, विद्यालयों के रसोइयों, कोटेदारों, निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों, ऑटो एवं बैटरी रिक्शा चालकों, होटल-रेस्टोरेंट कर्मियों सहित सभी पात्र असंगठित श्रमिकों को अभियान चलाकर योजना से जोड़ा जाए तथा उनका समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वृद्धावस्था में सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री गुलाब चंद्र, जिला विकास अधिकारी श्री हरिश्चंद्र प्रजापति सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर : राजू राजपूत 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.