सेवा संकल्प अभियान में 400 लोगों को सिखाया सड़क सुरक्षा के नियम

रामपुर :- सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को जनपद में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र एवं रोडवेज बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। दोनों स्थानों पर करीब 400 लोगों ने सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में लोगों को वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, हेलमेट पहनने, क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने तथा वाहनों की फिटनेस दुरुस्त रखने के प्रति जागरूक किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने रोड सिग्नल से संबंधित सवाल-जवाब के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड गौरव सिंह ने सड़क सुरक्षा तथा सड़कों पर बने विभिन्न मार्किंग के महत्व के बारे में बताया।
यातायात निरीक्षक ने सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग के साथ ही विभिन्न प्रकार की वाहन लाइटों, चौराहों पर लगी पट्टिकाओं और यातायात संकेतों के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम में परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ एनजीओ प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

सेवा शिविरों में पहुंच रहे लोग, 3300 से अधिक प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई 

सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में 21 से 27 सितंबर तक सभी विकासखंडों एवं नगर निकायों में सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आमजन की समस्याओं एवं जरूरतों का समाधान किया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक 16 हजार से अधिक लोग विभिन्न कार्यक्रमों एवं सेवा शिविरों में शामिल हो चुके हैं। वहीं, 3300 से अधिक प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई की जा चुकी है। सेवा शिविरों में आयोजित स्वास्थ्य मेलों में अब तक 4500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है।

 3100 से अधिक गतिविधियां, 24 हजार लोगों ने किया श्रमदान 

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, साफ-सफाई, जल निकासी सहित जनसेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी लगातार आयोजित की जा रही हैं। जनपद में अब तक 3100 से अधिक गतिविधियां कराई जा चुकी हैं। इन गतिविधियों में 24 हजार से अधिक लोगों ने श्रमदान कर जनभागीदारी सुनिश्चित की है।


रिपोर्टर :- राजू राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.