रातभर चला वाहनों का सघन चेकिंग अभियान, 1.56 लाख का जुर्माना
रामपुर : सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर परिवहन विभाग और रोडवेज की संयुक्त टीम ने रातभर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव एवं एआरएम रोडवेज के नेतृत्व में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 1.56 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। संयुक्त टीम ने रात 11 बजे से सुबह 4:30 बजे तक विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान तीन बसों के चालान कर 38 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। इसके अलावा दो डंपरों पर कार्रवाई करते हुए 32 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान वाहनों में प्रेशर हॉर्न के प्रयोग तथा रिफ्लेक्टिव टेप न लगे होने जैसी कमियां भी सामने आईं।
चेकिंग के दौरान एक डंपर और एक ट्रक को गंभीर अनियमितताओं के चलते अजीतपुर चौकी, थाना सिविल लाइंस में सीज किया गया। दोनों वाहनों पर टैक्स बकाया, नॉइस पॉल्यूशन संबंधी उल्लंघन, रिफ्लेक्टिव टेप का अभाव, एचएसआरपी न होना तथा अन्य नियमों का उल्लंघन पाया गया। एक वाहन में 27 टन ओवरलोडिंग भी पकड़ी गई।
एआरटीओ ने बताया कि सड़क पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। विशेष रूप से ओवरलोडिंग, बिना एचएसआरपी, रिफ्लेक्टिव टेप के अभाव, प्रेशर हॉर्न तथा कर बकाया जैसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वाहन चालकों से यातायात एवं परिवहन नियमों का पालन करने की अपील की।
रिपोर्टर : राजू राजपूत

No Previous Comments found.