जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न।

रामपुर :  आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सेक्टर ऑफिसर एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर की बैठक सांस्कृतिक सद्भावना केंद्र (सद्भावना मंडप), पनवड़िया में आयोजित की गई। बैठक में जनपद के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—34 स्वार, 35 चमरौआ, 36 बिलासपुर, 37 रामपुर एवं 38 मिलक (अ०जा०)—के मतदान केंद्रों और बूथों पर पानी, बिजली, रैम्प, आवागमन की सुविधा सहित अन्य मूलभूत आवश्यकताओं तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन संबंधी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से लें और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। क्षेत्र में जाकर लोगों से मिलें और उनसे मौखिक बातचीत कर यह जानकारी प्राप्त करें कि कहीं किसी मतदाता को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने या दबाव बनाकर मतदान करने से रोकने जैसी स्थिति तो नहीं है। जहां स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान में बाधा आने की आशंका हो, ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर उनकी रिपोर्ट तैयार करें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक सेक्टर ऑफिसर को आवंटित 10 से 12 मतदान बूथों का सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर संयुक्त रूप से कम से कम तीन बार अनिवार्य रूप से भ्रमण करें। भ्रमण के दौरान मतदान केंद्रों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें तथा संवेदनशील एवं क्रिटिकल बूथों को चिह्नित करें।
बैठक में वल्नरेबिलिटी मैपिंग के संबंध में सेक्टर ऑफिसर एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर को विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि क्षेत्रीय भ्रमण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि अधिकारी स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें। मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनन्द कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक  अनिल कुमार सिंह ने भी निर्वाचन संबंधी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में आवश्यक निर्देश दिए। 
बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित सेक्टर ऑफिसर एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : राजू राजपूत 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.