रमजान में कर्मचारियों को राहत: आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बाद भाजपा शासित छत्तीसगढ़ में भी जल्दी छुट्टी की मंजूरी
पवित्र रमजान के महीने में मुस्लिम कर्मचारियों को राहत देने के फैसले लगातार सामने आ रहे हैं। दक्षिण भारत के तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बाद अब भाजपा शासित छत्तीसगढ़ सरकार ने भी रमजान के दौरान एक खास छूट देने का ऐलान किया है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने रमजान के पूरे महीने में सरकारी और अर्ध-सरकारी दफ्तरों में काम करने वाले मुस्लिम कर्मचारियों को एक घंटे पहले छुट्टी देने की अनुमति दी है। राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह सुविधा सभी सरकारी विभागों, बोर्ड और निगमों में लागू होगी और रमजान समाप्त होने तक जारी रहेगी।

सरकारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य रोजा रखने वाले कर्मचारियों को उनके धार्मिक कर्तव्यों के पालन में सहूलियत देना है। यह व्यवस्था हर साल रमजान के दौरान लागू की जाती है और संबंधित विभागों को इसका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।इस फैसले का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के चेयरमैन सलीम राज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साईं के नेतृत्व में राज्य सरकार सभी धर्मों और समुदायों की भावनाओं का सम्मान कर रही है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के विचार का उदाहरण बताया।

छत्तीसगढ़ से पहले तेलंगाना सरकार ने भी रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मचारियों को एक घंटे पहले कार्यालय छोड़ने की अनुमति दी थी। वहीं आंध्र प्रदेश सरकार ने आदेश जारी कर मुस्लिम कर्मचारियों को शाम 4 बजे तक ही काम करने की छूट दी है।इसके अलावा तेलंगाना में कांग्रेस सरकार ने रमजान को देखते हुए दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सुबह 5 बजे तक खुले रखने की अनुमति भी दी है, ताकि सेहरी के समय लोगों को सुविधा मिल सके।

गौरतलब है कि पवित्र रमजान का महीना गुरुवार से शुरू हो चुका है। इस महीने में मुस्लिम समुदाय रोजा रखता है और रात में मस्जिदों में तरावीह की विशेष नमाज अदा की जाती है।


No Previous Comments found.