रणबीर कपूर फिर मचाएंगे धमाल, संदीप रेड्डी वांगा ने सीक्वल को लेकर किया बड़ा खुलासा
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की सुपरहिट फिल्म ‘एनिमल’ के सीक्वल ‘एनिमल पार्क’ को लेकर फैंस का इंतजार अब और बढ़ गया है। फिल्म के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने सीक्वल को लेकर कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि प्रभास स्टारर फिल्म ‘स्पिरिट’ का काम पूरा करने के बाद वह ‘एनिमल पार्क’ पर काम शुरू करेंगे। इस खबर के सामने आते ही रणबीर कपूर के फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
दरअसल, जापान में फिल्म ‘एनिमल’ के प्रीमियर के दौरान संदीप रेड्डी वांगा ने जापानी दर्शकों के साथ वर्चुअल बातचीत की। इसी दौरान उन्होंने ‘एनिमल पार्क’ की कहानी और इसकी शूटिंग को लेकर जानकारी साझा की। वांगा ने बताया कि इस बार फिल्म में पहले से ज्यादा एनिमल देखने को मिलेंगे। इसकी वजह कहानी में अजीज नाम के एक और किरदार की एंट्री है।
डबल रोल में नजर आएंगे रणबीर कपूर
संदीप रेड्डी वांगा के मुताबिक, फिल्म में रणबीर कपूर एक बार फिर रणविजय सिंह के किरदार में दिखाई देंगे। वहीं, अजीज का किरदार भी रणबीर कपूर ही निभाएंगे। यानी इस बार दर्शकों को अभिनेता का डबल रोल देखने को मिलेगा। कहानी में दो ऐसे भाइयों के बीच टक्कर होगी, जो एक-दूसरे के बिल्कुल हमशक्ल हैं। यही वजह है कि फिल्म का नाम ‘एनिमल पार्क’ रखा गया है।
रणबीर भी सीक्वल को लेकर उत्साहित
रणबीर कपूर ने भी वीडियो कॉल के जरिए फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह संदीप रेड्डी वांगा के सेट पर वापस लौटने के लिए काफी उत्साहित हैं। रणबीर के मुताबिक, पहली फिल्म की शूटिंग के दौरान ही निर्देशक के दिमाग में दूसरे पार्ट की कहानी स्पष्ट थी।बता दें कि साल 2023 में रिलीज हुई ‘एनिमल’ ने दुनियाभर में करीब 915 करोड़ रुपये की कमाई की थी। अब इसके सीक्वल से भी दर्शकों को बड़ी उम्मीदें हैं।

No Previous Comments found.