विद्यालय परिसर की जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास, प्रबंधन ने प्रशासन से लगाई गुहार

खलारी :  खलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत केडीएच डकरा स्थित विद्या सागर स्कूल परिसर की जमीन पर अवैध कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यालय परिवार की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार स्कूल का संचालन सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा वर्ष 1988 से किया जा रहा है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बच्चों की सुविधा और परिसर के सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए हाल ही में टूटी हुई चहारदीवारी का पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया गया था। साथ ही परिसर में फुलवारी एवं बगान विकसित करने का कार्य भी चल रहा है, ताकि छात्रों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा उक्त कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप लगाया गया है। प्रबंधन का कहना है कि सीसीएल कर्मी विरजू लोहरा एवं कमलेश द्वारा चहारदीवारी से सटी विद्यालय की जमीन पर अवैध रूप से घर निर्माण के उद्देश्य से ईंट और बालू गिराया गया है। इतना ही नहीं, विद्यालय परिसर में विकसित किए जा रहे बगान को लोहे की तार से घेरने के कार्य में भी बाधा पहुंचाई जा रही है।
विद्यालय परिवार का आरोप है कि जब शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने इस कार्य का विरोध किया, तो उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। इससे विद्यालय परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। शिक्षकों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों से न केवल विद्यालय की गरिमा प्रभावित हो रही है, बल्कि शिक्षा कार्य भी बाधित होने की आशंका बनी हुई है।
विद्यालय प्रबंधन ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल परिसर को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा के इस मंदिर में किसी भी प्रकार का असामाजिक तत्वों का जमावड़ा न हो और पठन-पाठन का कार्य सुचारू रूप से चलता रहे।
फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस पूरे प्रकरण पर क्या कदम उठाता है।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.