द्रौपदी मुर्मू का झारखंड दौरा आज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रांची :  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को एक दिवसीय झारखंड दौरे पर रहेंगी। उनके आगमन को लेकर राजधानी रांची से लेकर जमशेदपुर तक प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

रांची से जमशेदपुर तक रहेगा वीवीआईपी मूवमेंट

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीआईएसएफ, जिला पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एयरपोर्ट के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है।
जगन्नाथ मंदिर में करेंगी भूमि पूजन
जमशेदपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति शहर के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर परिसर में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे प्रस्तावित निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगी। करीब एक घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। मंदिर परिसर को सजाया गया है और आमंत्रित अतिथियों की एंट्री पास के माध्यम से ही होगी।

शहर में सुरक्षा का कड़ा घेरा

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा योजना लागू की है। प्रमुख चौक-चौराहों, एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वीवीआईपी मूवमेंट के कारण ट्रैफिक रूट में आंशिक बदलाव संभव है। प्रशासन ने आम नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

रांची एयरपोर्ट बना अस्थायी नो-फ्लाइंग जोन

सुरक्षा कारणों से रांची एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र को अस्थायी रूप से नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून समेत किसी भी प्रकार की उड़ने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी। इसके साथ ही बीएनएसएस की धारा-163 के तहत सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.