कांके में अपराध बेलगाम : सुकुरहुट्टू में घर में घुसकर फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी
रांची : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुट्टू गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दो अज्ञात अपराधियों ने एक घर में घुसकर फायरिंग कर दी। घटना में घर के मालिक शिव महतो बाल-बाल बच गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर कांके थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुकुरहुट्टू गांव निवासी शिव महतो अपने घर में मौजूद थे। इसी दौरान दो अपराधी अचानक उनके घर में घुस आए और उन पर फायरिंग कर दी। हालांकि किस्मत अच्छी रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और वे सुरक्षित बच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि घर में घुसकर फायरिंग की इस घटना से लोग सहम गए हैं। लोगों के अनुसार अचानक हुई गोलीबारी से पहले तो किसी को समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ, लेकिन बाद में जानकारी मिलने पर पूरे गांव में चर्चा शुरू हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इधर, कांके थाना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में जमीन कारोबार से जुड़े विवाद लगातार बढ़ रहे हैं और इन मामलों में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में एक आदिवासी महिला ने झारखंड हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर की है। याचिका में स्थानीय पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने और जमीन कारोबारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जमीन विवाद और आपराधिक घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई नहीं की गई, तो इलाके में स्थिति और बिगड़ सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.