रांची में रेलवे संपत्ति चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार।

रांची - रेलवे सुरक्षा बल (रेलवे सुरक्षा बल) ने रांची रेल मंडल में रेलवे संपत्ति चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को अभिरक्षा में लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15/16 मार्च 2026 की रात PRS भवन (रेलवे कोर्ट के समीप) की खिड़की तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया था। इस संबंध में RPF पोस्ट रांची में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। 17 मार्च को निरीक्षक रांची के नेतृत्व में RPF पोस्ट एवं अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उत्तर रेलवे कॉलोनी स्थित एक परित्यक्त रेलवे क्वार्टर में छापेमारी की। इस दौरान पांच व्यक्तियों को रेलवे के विद्युत केबल काटते और उसका इंसुलेशन हटाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

मौके से करीब 42 मीटर रेलवे केबल, दो हेक्सा ब्लेड और एक पेपर कटर बरामद किया गया। जब्त केबल की अनुमानित कीमत ₹5,900 बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे के पंप हाउस का ताला तोड़कर केबल चोरी करने तथा पूर्व में PRS भवन में चोरी का प्रयास करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल कच्छप (21), कृष्णा मुंडा (21), अनुज टोप्पो (24) और लव मुंडा (24) के रूप में हुई है। एक 16 वर्षीय किशोर को भी अभिरक्षा में लिया गया है। सभी आरोपी चुटिया थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। सभी के विरुद्ध रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.