भव्य रामनवमी मेला रांची जिले के बुढ़मू,ठाकुरगांव व उमेडंडा में धूमधाम से संपन्न।।
रांची - जिले के बुढ़मू प्रखंड क्षेत्र के बुढ़मू, ठाकुरगांव और उमेडंडा में शुक्रवार को भव्य रामनवमी मेला आयोजित किया गया। उमेडंडा में आयोजित इस ऐतिहासिक मेले में 84 मौजा के 108 अखाड़ेधारी शामिल हुए, जिससे मेले की शोभा और भी बढ़ गई।
"जय श्री राम के उद्घोष से गूंजा मेला परिसर"
मेले का वातावरण पूरी तरह धार्मिक और भक्ति-प्रधान रहा। रांची, हजारीबाग, चतरा और रामगढ़ जिलों से आए हजारों रामभक्तों ने मेले में हिस्सा लिया और कार्यक्रम को यादगार बनाया।
"प्रशासन ने संभाली सुरक्षा"
मेला की सुरक्षा व्यवस्था में एसडीपीओ खलारी आर.एन. चौधरी, बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन शर्मा, ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार, अंचलाधिकारी सचिदानंद वर्मा और प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरज कुमार शामिल थे। इसके साथ ही मेला समिति के सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं ने भी भीड़ नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
"मुख्य अतिथियों ने किया उद्घाटन"
भाजपा के रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद संजय सेठ, भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वामी देवेंद्र प्रकाश, और कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान संजय सेठ ने कहा कि बुढ़मू के उमेडंडा में आयोजित ऐतिहासिक मेला रामभक्तों के उत्साह को बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने मेला समिति को बेहतर आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
"अखाड़ों का प्रदर्शन और सम्मान"
उमेडंडा में 108 अखाड़ेधारियों ने अपनी शौर्य कला का शानदार प्रदर्शन किया। मेला समिति ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अखाड़ों को तलवार, शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया।
"व्यवस्थाएं और सामाजिक सहयोग"
मेले में दूर-दराज से आए रामभक्तों के लिए पेयजल और गुड़-चना स्टॉल की व्यवस्था की गई थी। डॉक्टरों की टीम और अन्य आपातकालीन व्यवस्थाएं पूरी तरह मुस्तैद रहीं। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि गोपाल तिवारी,शमीम बडियार, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष पार्वती देवी, और डॉ. मदन महतो, युनूस अहमद अंसारी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
"प्रमुख संरक्षक और आयोजन समिति"
मेला आयोजन में महावीर मंडल के अध्यक्ष मोहन जायसवाल, मुख्य संरक्षक रत्न प्रकाश सिंह, सुनील साहू, प्रदीप साहू, अरुण यादव, रोहित उरांव, विजय मल साहू, सुदामा नायक, शिव नंदन मुँडा, चीकू साहू, कुलदीप साहू, पवन राम, संजू साहू, चंद्रदीप साहू, प्रभात साहू, और मीतराम साहू सहित कई अन्य लोग सक्रिय रहे।
"भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश"
बुढ़मू, ठाकुरगांव और उमेडंडा का यह मेला वर्षों से भव्यता और श्रद्धा का प्रतीक रहा है। रामनवमी मेले में प्रखंड अन्जुमन कमिटी वेलफेयर ट्रस्ट बुढ़मू द्वारा शिविर लगाकर चना और शरबत का वितरण किया गया, जिससे आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का भी संदेश मिला।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी
No Previous Comments found.