खलारी में लापता व्यक्ति का शव नदी से बरामद, डूबने से मौत की आशंका।
राँची - खलारी थाना क्षेत्र के जेहलीटांड़ में लापता चल रहे 45 वर्षीय जौहर अंसारी का शव बुधवार सुबह घर के समीप स्थित सोनाडुब्बी नदी से बरामद होने के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, जौहर अंसारी मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे घर से निकले थे, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में एक शव तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान जौहर अंसारी के रूप में की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब 2 बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद शाम करीब 4 बजे जेहलीटांड़ कब्रिस्तान में उनका अंतिम संस्कार (खाकेसुपुर्द) कर दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ जैसा व्यवहार कर रहे थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वे अनजाने में नदी में चले गए हों। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।
रिपोर्टर - राशीद अंसारी


No Previous Comments found.