रांची में PC & PNDT जिला सलाहकार समिति की बैठक, 6 अल्ट्रासाउंड सेंटर को निबंधन की मंजूरी
रांची : जिला मुख्यालय रांची में गुरुवार को जिला सलाहकार समिति (PC & PNDT) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सदर अस्पताल रांची के सभागार में की।बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन, नवीकरण, मशीनों के फॉर्म-B में प्रविष्टि, चिकित्सकों की ज्वाइनिंग तथा यूएसजी मशीन खरीद से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद समिति ने 6 नए अल्ट्रासाउंड सेंटर के निबंधन तथा 4 सेंटर के नवीकरण को स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा समिति ने दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत संस्थानों में चिकित्सकों की नियुक्ति और मशीनों की फॉर्म-B में प्रविष्टि को भी मंजूरी दी। बैठक में यूएसजी मशीन स्थानांतरण से संबंधित 1 आवेदन, नए डॉक्टरों की नियुक्ति के 7 आवेदन, मशीन खरीद के 6 आवेदन तथा फॉर्म-B में प्रविष्टि के 19 आवेदनों को सहमति दी गई। वहीं मशीन के dismantling/refurbishing के लिए 1 लाइसेंस भी जमा किया गया। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अल्ट्रासाउंड सेंटरों का नियमित अंतराल पर निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीन के रजिस्ट्रेशन को भी PC & PNDT प्रक्रिया में शामिल करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पाण्डेय, डॉ. वंदीता, डॉ. एस. बास्की, डीपीएम श्री प्रवीण कुमार सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य और PC & PNDT को-ऑर्डिनेटर श्री राकेश कुमार राय उपस्थित थे।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी


No Previous Comments found.