KDH परियोजना स्थित मधुकॉन कंपनी के साइलो प्रोजेक्ट में मजदूरों का हल्ला बोल
रांची : रांची जिले के खलारी स्थित CCL NK एरिया स्थित KDH परियोजना में निर्माणाधीन मधुकॉन कंपनी के साइलो प्रोजेक्ट में कार्यरत मजदूरों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आ गया। वेतन भुगतान में देरी, तय दर से कम मजदूरी, अनियमित कार्य समय और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर मजदूरों ने काम बंद कर आंदोलन शुरू कर दिया।
मजदूरों की मांगों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष श्यामजी महतो को मौके पर बुलाया गया। सूचना मिलते ही श्यामजी महतो अपने सहयोगियों कुंदन कुमार चौहान, सरफराज खान, पवन कुमार उरांव समेत अन्य कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मजदूरों की समस्याओं को सुना। इसके बाद उनके नेतृत्व में मजदूरों ने काम ठप कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी दर के अनुसार वेतन नहीं दिया जा रहा है और भुगतान में भी लगातार देरी की जाती है। कई बार मजदूरी का भुगतान एक सप्ताह से अधिक समय बाद किया जाता है।
इसके अलावा, मजदूरों का कहना है कि उन्हें नियमित और समान रूप से काम नहीं दिया जाता, जिससे उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है। त्योहारों के दौरान भी अवकाश नहीं दिया जाता, जिससे उन्हें पारिवारिक और सामाजिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मजदूरों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि उनका पीएफ (भविष्य निधि) जमा नहीं किया जा रहा है और न ही उन्हें पीएफ नंबर उपलब्ध कराया गया है।
स्थानीय लोगों और मजदूरों के अनुसार, यह प्रोजेक्ट शुरू से ही शोषण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर बदनाम रहा है। मजदूरों का कहना है कि यहां लगातार दुर्घटनाएं, घायल होने की घटनाएं और शोषण का सिलसिला जारी है, लेकिन प्रबंधन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
मजदूरों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी


No Previous Comments found.