राँची में एलपीजी वितरण व्यवस्था पर सख्ती, घर-घर डिलीवरी अनिवार्य।
राँची - जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने, होम डिलीवरी को प्रभावी बनाने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय सहित गैस कंपनियों के उच्च अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी हर हाल में उपभोक्ताओं के घर तक ही की जाए। किसी भी उपभोक्ता को गैस गोदाम या डिपो से सिलेंडर लेने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। होम डिलीवरी व्यवस्था को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं को तत्काल गैस की आवश्यकता हो, वे गैस एजेंसी से 5 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि, 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही की जाएगी। बैठक में कालाबाजारी को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी एजेंसी संचालक,कर्मचारी या अन्य व्यक्ति गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग या अधिक मूल्य पर बिक्री करते पाया गया, तो उसके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले की निगरानी जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार की जाएगी। गैस गोदामों पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने कुछ स्थानों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही गैस एजेंसियों को सख्त हिदायत दी गई है कि किसी भी परिस्थिति में गोदाम से सीधे सिलेंडर का वितरण न किया जाए।
आगामी दिनों में गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने उपभोक्ताओं से पैनिक बुकिंग से बचने की अपील की है। उपभोक्ताओं को अपनी निर्धारित सीमा के अनुसार ही बुकिंग करने की सलाह दी गई है, ताकि सभी को नियमित रूप से गैस उपलब्ध हो सके। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि गैस सिलेंडर के लिए कहीं भी लाइन में न लगें, क्योंकि सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस उपलब्ध कराई जाएगी। केवल अत्यावश्यक स्थिति में ही एजेंसी से छोटा सिलेंडर लेने की अनुमति होगी। बैठक के अंत में गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की सुविधा और गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
रिपोर्टर - राशीद अंसारी

No Previous Comments found.