कांके में प्रस्तावित झारखंड जगुआर कैंप विस्तार का ग्रामीणों ने किया विरोध,वैकल्पिक व्यवस्था की मांग।

रांची - कांके प्रखंड के मौजा-टेंडर अंतर्गत हड़गड़ी जमीन पर प्रस्तावित झारखंड जगुआर (एस.टी.एफ.) कैंप के विस्तार को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। इस संबंध में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रशासनिक अधिकारियों से मिला और अपनी चिंताओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित भूमि आदिवासी समाज की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है। यह हड़गड़ी स्थल वर्षों से पूजा-अर्चना, सामुदायिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का केंद्र रहा है। ऐसे में इस स्थान पर किसी प्रकार का निर्माण कार्य समाज की भावनाओं को आहत कर सकता है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि प्रस्तावित कैंप के लिए किसी वैकल्पिक स्थल का चयन किया जाए, ताकि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं प्रभावित न हों। प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोगों ने हाल ही में संपन्न हुए सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया। ग्रामीणों ने अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, वार्ड पार्षद अमित मिंज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

 रिपोर्टर - राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.