रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के मुंडाधौड़ा गांव में सुबह-सुबह फायरिंग, दहशत का माहौल
खलारी रांची : रांची जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के मुंडाधौड़ा गांव में गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए और गांव निवासी नसीम खान के घर के बाहर करीब चार राउंड गोली चलाने के बाद मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग के दौरान अपराधियों ने धमकी भी दी कि “पैसा नहीं दोगे तो इसी तरह होता रहेगा”, जिससे मामले को रंगदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
पीड़ित नसीम खान, जो पेशे से ड्राइवर हैं, ने बताया कि उनका किसी से कोई स्पष्ट विवाद नहीं है। अचानक हुई इस घटना से उनके परिवार में भय का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं—रंगदारी और आपसी रंजिश—की जांच में जुटी हुई है।
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन सुबह-सुबह हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में तनाव और डर का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.