रांची में शुरू हुआ जनगणना 2027 के फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण
रांची : रांची जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन के लिए फील्ड ट्रेनर्स (Field Trainers) का प्रशिक्षण आज से शुरू हो गया। उपायुक्त-सह-प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, श्री कुमार रजत, अपर समाहर्ता रांची, श्री रामनारायण सिंह, DSO, श्री शेषनाथ बैठा, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, श्री रविशंकर मिश्रा, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा जनगणना कार्य निदेशालय के जिला समन्वयक श्री संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।
रांची जिले में कुल 70 फील्ड ट्रेनर्स को दो बैचों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक बैच को तीन-तीन दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें CMMS पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल प्रशिक्षण भी शामिल है। प्रशिक्षण स्थल समाहरणालय बी ब्लॉक, कमरा संख्या 505 है।
बैच-01 में 35 फील्ड ट्रेनर्स शामिल हैं, जिनका प्रशिक्षण 09, 10 और 11 अप्रैल को होगा। यह बैच नगड़ी, मांडर, राहे, सोनाहातु, कांके, बुण्डू, बेड़ों, तमाड़, बुढमू और लांपुग प्रखंडों से जुड़े हैं।
बैच-02 में भी 35 फील्ड ट्रेनर्स शामिल हैं, जिनका प्रशिक्षण 13, 15 और 16 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। यह बैच नगर पंचायत बुण्डू, चान्हों, सिल्ली, रातु, खलारी, ओरमांझी, नामकुम, ईटकी और अनगड़ा क्षेत्रों से हैं।
इस प्रशिक्षण में मकान सूचीकरण, मकानों की गणना, डिजिटल डेटा संग्रहण, CMMS पोर्टल एवं हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन मोबाइल ऐप के उपयोग जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएँगी। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स बाद में प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण देंगे, ताकि जनगणना 2027 का प्रथम चरण पूरी तरह डिजिटल, सटीक और समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।
उपायुक्त-सह-प्रधान श्री भजंत्री ने सभी फील्ड ट्रेनर्स से कहा कि वे प्रशिक्षण के दौरान पूरी सक्रियता दिखाएँ और अपने क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण का आयोजन करें। उन्होंने यह भी बताया कि जनगणना 2027 भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण जन-कल्याणकारी योजना है, जो देश की विकास योजनाओं के लिए आधारभूत आंकड़े उपलब्ध कराएगी।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी


No Previous Comments found.