धमधमियां में शॉर्ट सर्किट से डिजिटल दुकान जलकर खाक, लाखों का नुकसान
खलारी रांची : मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के तुमांग पंचायत अंतर्गत धमधमियां गांव में शनिवार तड़के एक बड़ी आगलगी की घटना सामने आई, जिसमें दिव्यांश डिजिटल शॉप पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे दुकान के सामने रहने वाले लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा। तत्काल इसकी सूचना दुकान के प्रोपराइटर भोला चौहान और आसपास के लोगों को दी गई। मौके पर पहुंचे भोला चौहान ने किसी तरह दुकान का शटर खोला, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
इस घटना में फोटो कॉपी मशीन, लैपटॉप, प्रिंटर, कैमरा, फर्नीचर सहित अन्य जरूरी उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए। अनुमानित रूप से करीब 2.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही मजदूर नेता शेख वकील अहमद मौके पर पहुंचे और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस आगलगी से भोला चौहान का पूरा रोजगार समाप्त हो गया है, जिससे उनके परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने रांची जिला प्रशासन से मांग की कि पीड़ित दुकानदार को सरकारी सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे दोबारा अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
मौके पर पंचायत के मुखिया संतोष, पंचायत समिति सदस्य सहदेव महली सहित कई ग्रामीणों ने भी घटना पर दुख जताया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, अन्यथा नुकसान और भी अधिक हो सकता था।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.