खलारी प्रखण्ड में जेंडर रिसोर्स सेंटर को लेकर बड़ी पहल, 13 सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन

खलारी : प्रखण्ड मुख्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रणव अम्बष्ट ने की। इस बैठक में प्रखण्ड स्तरीय सलाहकार समिति के गठन एवं जेंडर रिसोर्स सेंटर (GRC) के संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़े प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।

बैठक के दौरान प्रखण्ड स्तर पर 13 सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया गया। इस समिति के अध्यक्ष प्रखण्ड विकास पदाधिकारी  बनाए गए, जबकि प्रखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक (JSLPS) को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। समिति में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, स्थानीय थाना प्रभारी, प्रखण्ड चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर ईरशाद, प्रखण्ड प्रमुख, DLSA प्रतिनिधि, CSO/NGO सदस्य तथा विभिन्न संकुल स्तरीय संगठनों (CLF) के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया।
बैठक का मुख्य एजेंडा जेंडर रिसोर्स सेंटर के सुचारु संचालन, उसके उद्देश्य एवं लक्ष्यों पर केंद्रित रहा। अधिकारियों ने बताया कि इस केंद्र का उद्देश्य एक ही स्थान पर महिलाओं को कानूनी, चिकित्सीय एवं मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराना है, विशेषकर उन महिलाओं के लिए जो घरेलू या सार्वजनिक हिंसा से प्रभावित हैं। इसके अतिरिक्त, जरूरतमंद महिलाओं के लिए आपातकालीन अल्पावास सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
समिति के सदस्यों ने यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि महिलाओं को त्वरित न्याय, प्रभावी परामर्श सेवाएं तथा अन्य आवश्यक सहयोग समय पर उपलब्ध कराया जाए। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जेंडर रिसोर्स सेंटर का प्रमुख लक्ष्य लैंगिक समानता को बढ़ावा देना, महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा हिंसा और भेदभाव मुक्त समाज का निर्माण करना है।
इस अवसर पर जिला परिषद सरस्वती देवी, मोनू शर्मा, सुनिता देवी, पंचमी देवी, आरती मुंडा, रूबी देवी, चांदनी देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने विचार साझा करते हुए केंद्र के प्रभावी संचालन के लिए सुझाव दिए।
बैठक के अंत में समिति के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, नियमित बैठक आयोजित करने तथा जेंडर रिसोर्स सेंटर के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि यह केंद्र महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

 रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.