भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ की रांची जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक बुढ़मू में संपन्न, संगठन विस्तार और मजबूती पर विस्तृत चर्चा।।

रांची : भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ की झारखंड राज्य इकाई के अंतर्गत रांची जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को बुढ़मू में भव्य रूप से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने की। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त, सक्रिय तथा प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जिला कमेटी के विस्तार, संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने पर विशेष रूप से चर्चा हुई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को गांव-गांव और प्रखंड स्तर तक विस्तार देने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक के दौरान संगठन के नए स्वरूप को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से रांची जिला कमेटी का विस्तार किया गया तथा कई सक्रिय एवं कर्मठ सदस्यों को विभिन्न पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों में उत्साह का माहौल देखा गया।

जिला अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की ताकत उसके समर्पित सदस्यों से होती है। उन्होंने कहा कि योग्य और सक्रिय लोगों को जिम्मेदारी देकर ही संगठन को मजबूत किया जा सकता है तथा पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने आगे कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं और उनके हितों की सुरक्षा के लिए एक मजबूत संगठन का होना अत्यंत आवश्यक है। संगठन तभी प्रभावी होगा जब सभी सदस्य एकजुट होकर कार्य करेंगे।
बैठक में आगामी 1 मई को Patratu Lake Resort में प्रस्तावित वर्किंग कमेटी की बैठक को सफल बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
बैठक में मौजूद वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ऐसे में उनके हितों की रक्षा हेतु संगठन का मजबूत होना समय की आवश्यकता है। सभी ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं संगठित बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश कार्यालय प्रबंधक आकाश सोनी द्वारा किया गया। अंत में नवगठित जिला कमेटी के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा उनसे संगठन के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की गई।
नवगठित रांची जिला कमेटी
अध्यक्ष: पंकज कुमार सिंह
उपाध्यक्ष: मोहसिन खान, प्रभाकर श्रीवास्तव
महासचिव: बिपिन नायक
सचिव: नरेश चोरसिया, अब्दुल रशीद, राकेश सिंह, नौशाद खान
कोषाध्यक्ष: अशोक सिंह
सोशल मीडिया प्रभारी: (घोषित होना शेष)
प्रवक्ता: (घोषित होना शेष)
कार्यसमिति सदस्य: अरविंद कुमार, आसिफ अंसारी, सुमित केशरी, मुमताज अहमद, दिलीप सोनी

 रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.