मुख्य डाकघर के पास 11,000 वोल्ट का तार गिरने से जेनरेटर और 3 दुकानें जलीं, 13 लाख से अधिक का नुकसान
रांची : मांडर मुख्य डाकघर के समीप शनिवार देर रात 11,000 वोल्ट का बिजली का तार टूटकर गिरने से बाहर रखा डाकघर का 10 केवीए का साइलेंट जेनरेटर जल गया। साथ ही फुटपाथ पर स्थित दो सब्जी दुकान और एक फल दुकान भी जलकर राख हो गईं।
बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे डाकघर के ऊपर से गुजर रहा 11,000 वोल्ट का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। तार गिरते ही डाकघर की बाउंड्री से सटे बांस-बल्ली से बने सब्जी व फल दुकानों में आग लग गई। देखते ही देखते आग फैलकर पास में रखे जेनरेटर तक पहुंच गई।
घटना सबसे पहले बारात से लौट रहे वाहन चालकों ने देखी और तुरंत मांडर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली लाइन कटवाने के बाद ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में डाकघर का 10 केवीए का जेनरेटर जल गया, जिसकी कीमत करीब 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं दुकानों में रखे सामान के साथ फल-सब्जी जलने से फल दुकानदार बंदी देवी को करीब 50 हजार, सब्जी दुकानदार भोला प्रधान को 20 हजार और बीने उरांव को 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
रिपोर्टर : नदीम दानिश


No Previous Comments found.